E-Paperयूपीलोकल न्यूज़

पांच दिन से बिजली गुल, नागरिकों का फूटा गुस्सा; सड़क जाम कर जताया रोष

अनपरा, सोनभद्र। नगर पंचायत अनपरा के वार्ड नंबर 11 भरत नगर (अनपरा गांव) में पिछले पांच दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप होने से नागरिकों का आक्रोश बुधवार को फूट पड़ा। बिजली समस्या से परेशान महिला-पुरुषों ने अनपरा बाजार-रेणुसागर मार्ग पर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल किए जाने की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे नागरिकों का कहना है कि लगातार पांच दिनों से बिजली नहीं आने के कारण उमस और भीषण गर्मी में लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से पेयजल व्यवस्था, घरेलू कामकाज सहित रोजमर्रा की कई जरूरी गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। रात के समय अंधेरे के कारण लोगों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नागरिकों ने आरोप लगाया कि विद्युत समस्या की जानकारी कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक आपूर्ति बहाल नहीं की गई। लगातार पांच दिनों से बिजली के अभाव में रहने के कारण लोगों में जिम्मेदार अधिकारियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

प्रदर्शन में सकीना, सरिता देवी, जमीला खातून, संगीता विश्वकर्मा, सरीता देवी, जानकी देवी, प्रमोद श्रीवास्तव, सभासद अंगद सिंह, आनंद सिंह, धनराज भारती, प्रदीप सिंह, मो. उस्मान, नन्दलाल बल्लभ यादव, विजेन्द्र सिंह, राजकुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे व्यापक स्तर पर सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए वार्ड नंबर 11 की विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!