E-Paperलोकल न्यूज़

प्रेमी से शादी की जिद में टावर पर चढ़ी युवती, साढ़े तीन घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा

पुलिस और परिजनों के प्रयास से सुरक्षित नीचे उतरी युवती, मौके पर लगी रही लोगों की भीड़

अनपरा (सोनभद्र)। अनपरा तापीय परियोजना के आवासीय परिसर स्थित शॉपिंग सेंटर के पास सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रेमी से शादी करने की मांग को लेकर 19 वर्षीय युवती टावर पर चढ़ गई। युवती को ऊंचाई पर चढ़ा देख मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस और परिजनों को करीब साढ़े तीन घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। काफी देर तक चले समझाने के प्रयास के बाद युवती सकुशल नीचे उतर आई।

जानकारी के मुताबिक, बीना बस स्टैंड निवासी युवती का रेणुसागर निवासी दूसरे समुदाय के एक युवक से प्रेम संबंध है। युवती उससे शादी करना चाहती है और बताया जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह से इसको लेकर प्रयास कर रही थी। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे उसने टावर पर चढ़कर शादी कराने की मांग शुरू कर दी।

सूचना मिलने पर अनपरा थाना प्रभारी राजेश चौबे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मोबाइल फोन के माध्यम से युवती से बातचीत कर उसे नीचे आने के लिए राजी करने की कोशिश की। इसके अलावा युवती की मां, बहन और गांव के प्रधान कमलेश सिंह उर्फ पप्पू सिंह को भी मौके पर बुलाया गया।

टावर की ऊंचाई के कारण नीचे से आवाज पहुंचने में परेशानी हो रही थी। ऐसे में पुलिसकर्मियों और परिजनों ने लाउडस्पीकर की मदद से युवती को समझाने का प्रयास किया। युवती अपनी मांग पर अड़ी रही, लेकिन लगातार बातचीत और समझाने-बुझाने के बाद वह नीचे उतरने को तैयार हो गई।

सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस युवती को थाने ले गई। वहां युवती और उसके प्रेमी से बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया। घटना के दौरान मौके पर काफी संख्या में लोग मौजूद रहे और क्षेत्र में इसकी चर्चा होती रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!