मालवीय नगर में छठ पूजा की तैयारियां तेज, घाटों पर चला विशेष स्वच्छता अभियान
व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पहुंच मार्गों की मरम्मत, घाटों का समतलीकरण व सफाई कार्य युद्धस्तर पर जारी

अनपरा, सोनभद्र। बिहार सहित पूरे देश में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाए जाने वाले लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर पंचायत अनपरा के वार्ड नंबर 14 मालवीय नगर में तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रमुख छठ घाटों, पहुंच मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष साफ-सफाई अभियान शुरू कर दिया गया है। स्थानीय जनप्रतिनिधि पंकज मौर्या एवं नगर प्रशासन के अधिशासी अधिकारी चैतन्य तिवारी की देखरेख में सुबह से ही सफाईकर्मी अभियान में जुटे हुए हैं।
अभियान के तहत छठ घाटों तक जाने वाले पहुंच मार्गों की मरम्मत, सड़कों से कूड़ा हटाने तथा घाटों की मिट्टी को समतल करने का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। इसके साथ ही घाटों के आसपास ब्लीचिंग पाउडर एवं चूने का छिड़काव कर स्वच्छता और संक्रमण से बचाव के प्रयास किए जा रहे हैं।

वार्ड प्रतिनिधि पंकज मौर्या ने बताया कि महापर्व की पवित्रता एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए पूरे वार्ड में विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम तथा आवश्यक बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि व्रतियों को अर्घ्य देने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वहीं स्थानीय निवासियों ने छठ पूजा के मद्देनजर चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए प्रशासन के प्रयासों में सहयोग देने का संकल्प जताया है। महापर्व को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वार्ड में तैयारियां लगातार जारी हैं।




