घनी आबादी के बीच कबाड़ की दुकान में लगी भीषण आग, घंटों मशक्कत के बाद पाया गया काबू
टैगोर नगर में आग से मचा हड़कंप, पुलिस और दमकल कर्मियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

अनपरा (सोनभद्र)। रेणुसागर चौकी क्षेत्र के वार्ड नंबर 20 टैगोर नगर (पारसी) में शनिवार रात करीब आठ बजे घनी आबादी के बीच स्थित एक कबाड़ की दुकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि, समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
चाय पीने गए थे दुकान संचालक, पड़ोसियों ने दी सूचना
कबाड़ दुकान संचालक अजय कुमार पुत्र माता प्रसाद ने बताया कि वह दुकान पर मौजूद थे, लेकिन कुछ देर के लिए पास की दुकान पर चाय पीने चले गए थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही वह तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही डायल 112 एवं फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी।
दमकल और पुलिस टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
सूचना मिलते ही हिंडालको रेणुसागर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और घंटों कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेणुसागर चौकी इंचार्ज योगेंद्र पांडेय तथा अनपरा थाना अध्यक्ष राजेश जी चौबे पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।
घनी आबादी के बीच दुकान स्थित होने के कारण आग आसपास के मकानों एवं दुकानों तक फैलने का गंभीर खतरा बना हुआ था। पुलिस एवं दमकल कर्मियों की तत्परता और सूझबूझ से आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के कारणों एवं दुकान में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।



