
सोनभद्र। सोनभद्र जिले के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर ओबरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री संजीव गोंड ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान अनपरा-बिंढमगंज मार्ग के सर्वे कार्य को वन विभाग द्वारा रोके जाने का मामला प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही ओबरा विधानसभा क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों को गति देने और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर भी चर्चा हुई।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ स्थित राज्यमंत्री संजीव गोंड के आवास पर हिंदुस्तान समाचार पत्र में प्रकाशित सोनभद्र की खबर के माध्यम से उन्हें अनपरा-बिंढमगंज मार्ग के सर्वे कार्य पर वन विभाग द्वारा रोक लगाए जाने की जानकारी मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात का कार्यक्रम निर्धारित किया। इसके साथ ही ओबरा विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों और लंबे समय से लंबित परियोजनाओं को गति देने के संबंध में एक पत्र भी तैयार कराया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सायं छह बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनकी मुलाकात हुई। इस दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। मुलाकात के दौरान बालकेश्वर सिंह एवं प्रथम श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर राज्यमंत्री संजीव गोंड एवं भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता की ओर से जनता को भरोसा दिलाया गया कि जनविश्वास पर खरा उतरना और जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर जवाबदेही के साथ समाधान का प्रयास करना भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है।
वहीं, अनपरा-शक्तिनगर मार्ग को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। बताया गया कि इस मार्ग के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और आगामी एक माह के भीतर सड़क निर्माण का कार्य शुरू होने की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। इस खबर से क्षेत्रीय लोगों में सड़क निर्माण की उम्मीद जगी है।



