E-Paperखेलयूपी

अनपरा प्रीमियर लीग के पांचवें दिन ऊर्जान्चल टाइगर्स सहित पांच टीमों ने दर्ज की जीत

दिलीप सिंह, सचिन, वीर, अशोक सम्राट और शुभम सुप्रियो बने मैन ऑफ द मैच

अनपरा, सोनभद्र। अनपरा कॉलोनी स्थित ऑपरेटिंग मनोरंजन केंद्र में चल रहे अनपरा प्रीमियर लीग सीजन-5 दिन-रात्रि टेनिस चौका क्रिकेट प्रतियोगिता के पांचवें दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दिन के पांच मैचों में ऊर्जान्चल टाइगर्स, रेनुसागर हिंदुस्तानी, औड़ीमोड़ इंडियंस, परासी सुपरकिंग्स और डिबुलगंज सुपरस्टार्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीत लिए।

 

दिन के पहले मुकाबले में ऊर्जान्चल टाइगर्स ने निर्धारित 8 ओवर में 5 विकेट खोकर 67 रन बनाए। दिलीप सिंह ने शानदार 46 रनों की पारी खेली। जवाब में अनपरा रॉयल्स की टीम 8 ओवर में 7 विकेट खोकर 32 रन ही बना सकी। शानदार बल्लेबाजी के साथ 4 विकेट लेने वाले दिलीप सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

 

दूसरे मुकाबले में ककरी महाराजा ने 8 ओवर में 2 विकेट पर 58 रन बनाए। सचिन ने 42 रनों की बेहतरीन पारी खेली। जवाब में रेनुसागर हिंदुस्तानी ने 7.1 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रवि ने 21 रन बनाए, जबकि सतेंद्र ने 2 विकेट लिए। ककरी महाराजा के सचिन को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

 

तीसरे मुकाबले में औड़ीमोड़ इंडियंस ने 8 ओवर में 3 विकेट पर 72 रन बनाए। विजय ने 42 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अनपरा लायंस की टीम 7.1 ओवर में 49 रनों पर सिमट गई। दो विकेट लेने वाले वीर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

 

चौथे मुकाबले में परासी सुपरकिंग्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 86 रन बनाए। नीरज ने नाबाद 38 और संदीप ने नाबाद 36 रन बनाए। जवाब में काशीमोड़ चैलेंजर्स की टीम 8 ओवर में 7 विकेट खोकर 61 रन ही बना सकी। चार विकेट लेने वाले परासी सुपरकिंग्स के कप्तान अशोक सम्राट को मैन ऑफ द मैच दिया गया।

 

दिन के पांचवें और अंतिम मुकाबले में रेहटा वारियर्स ने 8 ओवर में 5 विकेट खोकर 44 रन बनाए। आशुतोष राय ने 14 रन बनाए। जवाब में डिबुलगंज सुपरस्टार्स ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 5.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। 32 रनों की शानदार पारी खेलने वाले कप्तान शुभम सुप्रियो को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

 

पांचवें दिन के सभी मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!