E-Paperअनपराउत्तर प्रदेशलोकल न्यूज़सोनभद्र

मालवीय नगर में गंदगी फैलाने पर डेयरी संचालक को अनपरा नगर पंचायत की कड़ी चेतावनी

नाली में गोबर बहाने की शिकायत पर जारी हुआ नोटिस, कार्रवाई के दिए संकेत

अनपरा/सोनभद्र। नगर पंचायत अनपरा ने वार्ड नंबर-14 मालवीय नगर क्षेत्र (कहुआ नाला)में संचालित एक डेयरी के खिलाफ सार्वजनिक नाली में गोबर और गंदगी प्रवाहित करने के मामले को गंभीरता से लेते हुए नोटिस जारी किया है। यह कदम क्षेत्रीय नागरिक द्वारा की गई ऑनलाइन शिकायत के आधार पर उठाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायत संख्या-40020026008118 के माध्यम से शिकायतकर्ता मनोज प्रजापति ने आरोप लगाया था कि कोवानाला क्षेत्र स्थित पंचम दूध डेयरी में घनी आबादी के बीच पशुओं का खटाल संचालित किया जा रहा है। शिकायत में कहा गया कि डेयरी के आसपास लगातार गंदगी बनी रहती है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, खटाल की नियमित सफाई के दौरान निकलने वाला गोबर और दूषित पानी सीधे सार्वजनिक नालियों में छोड़ा जा रहा है। इसके कारण नालियां जाम हो रही हैं और पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है। साथ ही मच्छरों और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।

नगर पंचायत प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डेयरी संचालक को नोटिस जारी कर निर्देशित किया है कि तत्काल प्रभाव से नाली में गोबर और अपशिष्ट बहाना बंद किया जाए। नोटिस में कहा गया है कि यह कृत्य उत्तर प्रदेश नगरपालिका अधिनियम 1916 की धारा-215 एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का उल्लंघन है।

नगर पंचायत ने 7 दिनों के भीतर क्षेत्र की साफ-सफाई सुनिश्चित करने और उसकी सूचना कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेश की अनदेखी करने पर 25 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है तथा पशुशाला को सील करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।

प्रशासन ने यह भी कहा है कि यदि डेयरी संचालक को नोटिस पर कोई आपत्ति हो तो वह 2 दिनों के भीतर अधिशासी अधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपना पक्ष रख सकता है।

नगर पंचायत की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से बनी गंदगी और जल निकासी की समस्या का समाधान जल्द हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!