गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, अनपरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
अनपरा/सोनभद्र। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना अनपरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। दोनों आरोपी क्षेत्र में संगठित अपराध एवं चोरी की घटनाओं में सक्रिय बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी के कुशल पर्यवेक्षण में थाना अनपरा पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार दिनांक 25 मई 2026 को मु0अ0सं0-128/2026 धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1986 के तहत वांछित अभियुक्त राम भगत शर्मा उर्फ बजरंगी ठाकुर पुत्र स्व. बाबूलाल शर्मा निवासी कहुवानाला पाइप लाइन थाना अनपरा तथा रमजान अली उर्फ रमजान खान पुत्र स्व. अकबर अली निवासी कहुवानाला शिव मंदिर के पास थाना अनपरा को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों अभियुक्त चोरी एवं संगठित अपराध की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। अभियुक्त रमजान अली उर्फ रमजान के खिलाफ थाना अनपरा में वर्ष 2025 में दर्ज दो मुकदमे पहले से चल रहे हैं। वहीं राम भगत शर्मा उर्फ बजरंगी ठाकुर पर तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय पुलिस ने इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक संतोष सिंह, हेड कांस्टेबल रामु राजभर, हेड कांस्टेबल संजय कुमार राम, कांस्टेबल शशिभूषण एवं कांस्टेबल अजीत यादव शामिल रहे।
#uppolice
#anparapolice
#anparanews
#sonbhadranews
#upnews

