पूर्व माध्यमिक विद्यालय लालटावर में विद्यार्थियों को कॉपियों का वितरण
अनपरा, सोनभद्र। म्योरपुर विकासखंड अंतर्गत नगर पंचायत अनपरा स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय लालटावर में समाजसेवी एवं राजपूत एंड संस के संचालक श्री गजेंद्र प्रताप सिंह द्वारा विद्यार्थियों को कॉपियों का वितरण किया गया। इस अवसर पर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री गजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यदि छात्र-छात्राएं लगन और मेहनत से पढ़ाई करें तो सरकारी विद्यालयों से भी उत्कृष्ट शिक्षा प्राप्त कर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में सरकारी विद्यालयों में भी आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए भविष्य में भी हर संभव सहयोग किया जाएगा।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका चिंता देवी ने विद्यालय परिवार की ओर से श्री गजेंद्र प्रताप सिंह का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान एवं स्वागत किया।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं सुनीता देवी, प्रतिमा देवी, माधुरी देवी, शिक्षक अजय यादव तथा अनन्या गुप्ता सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कॉपियां प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।


