E-Paperअनपराउत्तर प्रदेशक्राइमसोनभद्र

पति पर गर्भपात कराने और प्रताड़ना का आरोप, न्याय के लिए अनपरा थाने पहुंची महिला

 

अनपरा/सोनभद्र। थाना अनपरा क्षेत्र के लाल टावर काशी मोड़ निवासी एक महिला ने अपने पति पर घरेलू हिंसा, मारपीट और धोखे से गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने पति के खिलाफ तहरीर देकर अपनी और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आयसा बेगम (30 वर्ष) का निकाह लगभग 12 वर्ष पूर्व सरवर के साथ हुआ था। शुरुआती वर्षों में दांपत्य जीवन सामान्य रहा और दोनों के दो बच्चे भी हैं। समय बीतने के साथ पति-पत्नी के संबंधों में खटास आने लगी और वर्ष 2024 से दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। महिला का आरोप है कि पति अक्सर मारपीट करता था तथा उसे तलाक देने का दबाव भी बना रहा था।

पीड़िता के अनुसार, अप्रैल माह में जब पति उससे मिलने आया तो उसे पत्नी के गर्भवती होने की जानकारी मिली। इसके बाद उसने गर्भपात कराने का दबाव बनाया, लेकिन महिला इसके लिए तैयार नहीं हुई। आरोप है कि बाद में पति ने खाने में दवा मिलाकर उसे खिला दी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। चिकित्सकीय जांच के दौरान गर्भस्थ शिशु के नष्ट होने की जानकारी मिली। महिला का दावा है कि पति ने स्वयं दवा खिलाने की बात स्वीकार की थी।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से वह शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का शिकार होती रही है। विरोध करने पर उसे तथा उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी जाती थी। इसी कारण उसने पुलिस से सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता ने बच्चों के भरण-पोषण, शिक्षा तथा संपत्ति में उनके अधिकार सुनिश्चित किए जाने की भी मांग उठाई है। उसका कहना है कि वह अब पति के साथ रहने को तैयार नहीं है क्योंकि उसे अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका है।

इस संबंध में थाना प्रभारी प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की गई है। दोनों पक्षों से पूछताछ की गई। पति को थाने लाया गया था, जहां उसने समझौते की इच्छा जताई, लेकिन महिला ने सुरक्षा कारणों से उसके साथ रहने से इनकार कर दिया। पुलिस ने शांति भंग की आशंका के मद्देनजर आवश्यक कार्रवाई करते हुए आरोपी पति का चालान कर न्यायालय भेज दिया है। मामले की अन्य बिंदुओं पर जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!