अनपरा,सोनभद्र। यह मामला अनपरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अनपरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 6 अटल नगर का बताया जा रहा है। अनपरा सिंगरौली तिराहे पर स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र(बैंक आफ इंडिया )एवं मकान में गुरुवार की मध्य रात्रि में अज्ञात कारणों से आग लग गई जिसमें ग्राहक सेवा केंद्र में रखा समस्त सामान एवं मकान में रखे अलमारी का सामान जलकर राख हो गए।
पीड़ित धर्मेंद्र प्रसाद गुप्ता पुत्र सुदर्शन गुप्ता का आगे दुकान एवं पीछे मकान था। धर्मेंद्र प्रसाद गुप्ता ने बताया कि दुकान ग्राहक सेवा केंद्र उनका छोटा भाई पवन प्रसाद गुप्ता संचालित करता था। रात में करीब 2:00 बजे जब धुएं को अपने घर में आते देखा तब अपने भाई पवन प्रसाद एवं समस्त परिवार को लेकर बाहर आए उन्होंने पाया कि ग्राहक सेवा केंद्र एवं मकान में आग लग गई है। धर्मेंद्र गुप्ता ने फोन करके दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी तत्काल हर संभव सहायता के लिए कहा । मध्य रात्रि होने के कारण दमकल विभाग की गाड़ी देर से आई तब तक ग्राहक सेवा केंद्र में रखा सारा सामान एवं मकान में रखी अलमारी जल चुके थे। वहीं पर पवन प्रसाद ने भी बताया कि रात 12:00 बजे तक सब कुछ सामान्य था। आग किस कारण से लगी इसका पता नहीं लग पा रहा है रोजाना की भांति मैं 10:00 बजे दुकान बंद करके घर चला गया। पवन गुप्ता ने बताया कि दुकान में रखे सामान जैसे 3.5 लाख कैश, चार डेस्कटॉप कंप्यूटर, दो लैपटॉप, फोटोकॉपी मशीन, बायोमेट्रिक डिवाइस एक बाइक, पंखा एवं बिजली उपकरण, सीसीटीवी कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सब जलकर राख हो गया। वहीं पर मकान में रखी अलमारी जिसमें महंगे सामान थे सब जलकर राख हो गए। वहां पर मौजूद लोगों ने बताया कि आग की लपटे इतनी तेज थी की पानी डालने पर भी नियंत्रित नहीं हो पाई दमकल विभाग ने आकर आग को बुझाया एवं मामले को नियंत्रित किया।




