E-Paperयूपी

शक्तिनगर-अनपरा-रेणुकूट मार्ग गड्ढों में तब्दील, बारिश ने बढ़ाई मुसीबत

Oplus_16908288

 

अनपरा/सोनभद्र। शक्तिनगर से रेणुकूट जाने वाला मार्ग इन दिनों जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गया है। बरसात के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और भी खतरनाक हो गई है। राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे यातायात भी प्रभावित हो रहा है।

सड़क पर पानी भरा होने के कारण वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई और उनकी स्थिति का अंदाजा नहीं लग पा रहा है। ऐसे में वाहन चालक दुर्घटना से बचने के लिए इधर-उधर से निकलने का प्रयास करते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। कई स्थानों पर भारी वाहन गड्ढों में फंसते दिखाई दे रहे हैं, जबकि छोटी कारों और अन्य वाहनों के गड्ढों में फंसने से बंपर और अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। लोगों ने सवाल उठाया कि यदि इस जर्जर सड़क के कारण किसी व्यक्ति की जान जाती है या वाहन व संपत्ति का नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग एवं अधिकारियों से मांग की है कि शक्तिनगर-रेणुकूट मार्ग की तत्काल जांच कराकर गड्ढों को भरने के साथ सड़क की स्थायी मरम्मत कराई जाए। लोगों का कहना है कि केवल औपचारिक मरम्मत से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि गुणवत्तापूर्ण तरीके से सड़क का सुधार जरूरी है।

लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों का कहना है कि जान-माल की सुरक्षा सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और जिम्मेदार विभाग को अब मूकदर्शक बने रहने के बजाय तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!