E-Paperखेलयूपी

अनपरा प्रीमियर लीग के तीसरे दिन पांच टीमों ने दर्ज की शानदार जीत

अनपरा रॉयल्स, ककरी महाराजा, अनपरा लायंस, ऊर्जांचल टाइगर्स और रेनुसागर हिंदुस्तानी ने अपने-अपने मुकाबले जीते

 

अनपरा, सोनभद्र। अनपरा तापीय परियोजना आवासीय परिसर स्थित ऑपरेटिंग मनोरंजन केंद्र में आयोजित अनपरा प्रीमियर लीग सीजन-5 दिन-रात्रि टेनिस चौका क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता में पांच मैच खेले गए, जिसमें अनपरा रॉयल्स, ककरी महाराजा, अनपरा लायंस, ऊर्जांचल टाइगर्स और रेनुसागर हिंदुस्तानी की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।

दिन के पहले मुकाबले में परासी सुपरकिंग्स ने निर्धारित आठ ओवरों में पांच विकेट खोकर 49 रन बनाए। सनी आनंद ने सर्वाधिक 20 रन बनाए, जबकि दिव्यांशु ने दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अनपरा रॉयल्स की टीम ने 6.2 ओवर में एक विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। अमित धुसिया ने 27 रनों की शानदार पारी खेली, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे मुकाबले में रेहटा वारियर्स ने आठ ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 54 रन बनाए। आशुतोष राय ने 30 रनों का योगदान दिया। जवाब में ककरी महाराजा ने 7.1 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। राहुल जायसवाल ने 29 रन बनाए और उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

तीसरे मैच में डिबुलगंज सुपरस्टार्स ने आठ ओवर में चार विकेट पर 53 रन बनाए। शिवम सिंह ने 34 रनों की पारी खेली, जबकि अरबाज ने दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए अनपरा लायंस ने 7.2 ओवर में दो विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। विजय ने 27 और अरबाज ने 19 रन बनाए। शानदार प्रदर्शन के लिए अरबाज को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

चौथे मुकाबले में ऊर्जांचल टाइगर्स ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित आठ ओवरों में एक विकेट पर 76 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। दिलीप सिंह ने नाबाद 46 रनों की शानदार पारी खेली। जवाब में काशी मोड़ चैलेंजर्स की टीम आठ ओवर में चार विकेट खोकर 61 रन ही बना सकी। इस तरह ऊर्जांचल टाइगर्स ने मुकाबला अपने नाम किया। शानदार बल्लेबाजी के लिए दिलीप सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

दिन के पांचवें और अंतिम मुकाबले में औड़ी मोड़ इंडियंस ने आठ ओवर में तीन विकेट पर 57 रन बनाए। विजय यादव ने 25 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेनुसागर हिंदुस्तानी की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 6.2 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर लिया। सुमित मिश्रा ने 43 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्हें मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के तीसरे दिन बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच शानदार मुकाबला देखने को मिला। सभी टीमों ने खेल भावना के साथ प्रतिभाग करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!