E-Paperक्राइमयूपीलोकल न्यूज़

अनपरा में जेई पर बैट से हमला, सिर में लगे गंभीर चोट

अनपरा (सोनभद्र)। अनपरा तापीय परियोजना के आवासीय परिसर स्थित जेई क्लब में रविवार को एक अवर अभियंता पर बैट से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में जेई सतीश सिंह के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद परियोजना अस्पताल में उपचार के दौरान चार टांके लगाए गए।

अनपरा कॉलोनी निवासी सतीश सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अन्य कर्मचारियों के साथ जेई क्लब में साफ-सफाई और पुताई का काम करा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक युवक को महिला के साथ कथित आपत्तिजनक स्थिति में देखा। इस पर आपत्ति जताने के बाद युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ देर बाद विवाद शांत होने पर जब कर्मचारी वहां से जाने लगे, तभी आरोप है कि युवक ने पीछे से बैट से उनके सिर पर वार कर दिया। कर्मचारियों के बीच-बचाव के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घायल जेई को सहकर्मियों ने परियोजना अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। तहरीर में आरोपी की पहचान संदीप तिवारी पुत्र रामअवध तिवारी, निवासी जापानी कॉलोनी के रूप में बताई गई है। अनपरा थानाध्यक्ष राजेश चौबे ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!