दुर्गा पूजा आयोजन को लेकर जनकल्याण सेवा समिति की बैठक संपन्न
अनिल प्रधान सर्वसम्मति से बने अध्यक्ष, भव्य आयोजन की तैयारियों पर हुई चर्चा

रेनूसागर/अनपरा। वार्ड नंबर 17, रामनगर, रेनूसागर, अनपरा में आगामी दुर्गा पूजा के भव्य आयोजन को लेकर जनकल्याण सेवा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समिति के सदस्यों एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों एवं नगरवासियों की सर्वसम्मति से अनिल प्रधान को जनकल्याण सेवा समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। अध्यक्ष चुने जाने पर उपस्थित लोगों ने उन्हें बधाई दी और आगामी दुर्गा पूजा को भव्य एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान पूजा-पंडाल, सजावट, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं समेत विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने कहा कि दुर्गा पूजा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का भी अवसर है।
इस दौरान विनोद शुक्ला, राम आधार प्रसाद, प्रमोद शुक्ला, प्रथम श्रीवास्तव, विवेक सिंह, राजन तिवारी, बाबूलाल, राजेश यादव, हेमंत तिवारी, जय प्रकाश मिश्रा, राहुल पोद्दार, राहुल, अभिषेक, नवनीत, आनंद, टिंकल सिंह, रवि दुबे, पुनीत ओझा, नितिन सोनी, बबलू जायसवाल एवं जितेंद्र सागर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल प्रधान ने सभी सदस्यों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा आयोजन को सफल बनाने में सभी का सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समिति का प्रयास रहेगा कि आयोजन श्रद्धा, भक्ति, सामाजिक समरसता एवं आपसी भाईचारे के साथ भव्य रूप से संपन्न हो।
बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने आगामी दुर्गा पूजा को सफल एवं यादगार बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। आयोजन को लेकर रामनगर एवं आसपास के क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।




