शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में फिर शुरू हुआ कथित अवैध निर्माण, कर्मचारियों ने उठाए सवाल
अनपरा/सोनभद्र। अनपरा तापीय परियोजना के आवासीय परिसर स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में एक डेयरी दुकान पर दोबारा कथित अवैध निर्माण शुरू होने का मामला सामने आया है। इसको लेकर विद्युत कर्मी नेताओं ने परियोजना प्रबंधन एवं सिविल विभाग पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
बताया जा रहा है कि उक्त स्थान पर पहले भी निर्माण कार्य कराया जा रहा था, जिसे शिकायत के बाद परियोजना प्रबंधन द्वारा रुकवा दिया गया था। इसके बावजूद अब पुनः निर्माण शुरू होने से कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
विद्युत कर्मी नेता प्रशांत उपाध्याय एवं सुजीत सोनी का कहना है कि परियोजना क्षेत्र में कई दुकानों का आवंटन केवल ठेले के नाम पर किया गया था, लेकिन अब वहां बड़े स्तर पर स्थायी दुकानें और डेयरी संचालित की जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि डेयरी के पीछे भारी मात्रा में निर्माण सामग्री डंप की गई है, जो बिना विभागीय मिलीभगत के संभव नहीं हो सकता।
नेताओं ने सिविल प्रबंधन से तत्काल निर्माण कार्य रुकवाने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो मामले की शिकायत ऊर्जा प्रबंधन लखनऊ तक की जाएगी। उन्होंने कहा कि कॉलोनी परिसर में नियम विरुद्ध निर्माण और अवैध कब्जों को किसी भी हाल में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।
#anparanews
#sonebhadranews
#upnews
