अनपरा प्रीमियर लीग के अंतिम चार में ऊर्जान्चल टाइगर्स, औड़ीमोड़ इंडियंस, रेनुसागर हिंदुस्तानी और अनपरा लायंस
चार टीमों ने सेमीफाइनल में बनाई जगह, रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

अनपरा, सोनभद्र। अनपरा कॉलोनी स्थित ऑपरेटिंग मनोरंजन केंद्र में चल रही अनपरा प्रीमियर लीग सीजन-5 दिन-रात्रि टेनिस चौका क्रिकेट प्रतियोगिता में रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। प्रतियोगिता में शामिल 10 टीमों में से ऊर्जान्चल टाइगर्स, औड़ीमोड़ इंडियंस, रेनुसागर हिंदुस्तानी और अनपरा लायंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम चार यानी सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
प्रतियोगिता के मुकाबलों में ऊर्जान्चल टाइगर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर में 3 विकेट खोकर 55 रन बनाए। दिलीप ने 30 रनों की शानदार पारी खेली। जवाब में परासी सुपरकिंग्स की टीम 8 ओवर में 3 विकेट पर 43 रन ही बना सकी। इस मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी के लिए दिलीप को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में डिबुलगंज सुपरस्टार्स ने 8 ओवर में 4 विकेट पर 52 रन बनाए। शिवम सिंह ने 34 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेनुसागर हिंदुस्तानी की टीम ने 6.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। सुमित और दीपक ने 21-21 रन बनाए, जबकि शिवम सिंह ने 3 विकेट झटके। टीम के कप्तान दीपक पटेल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

एक अन्य मुकाबले में रेहटा वॉरियर्स की टीम 8 ओवर में 38 रन बनाकर सिमट गई। आशुतोष राय ने सर्वाधिक 13 रन बनाए। जवाब में औड़ीमोड़ इंडियंस ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 5.4 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। दीपांश ने 25 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं, अनपरा लायंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 4 विकेट पर 68 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। आरिफ ने 19 और कप्तान श्वेताभ पांडेय ने 13 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ककरी महाराजा की टीम निर्धारित 8 ओवर में 5 विकेट पर 51 रन ही बना सकी। सचिन ने 18 रन बनाए। इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए ऋषभ श्रीवास्तव को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
चार टीमों के सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही अब प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ गया है।


