अनपरा प्रीमियर लीग के नौवें दिन रेनुसागर हिंदुस्तानी, औड़ीमोड़ इंडियंस, ऊर्जान्चल टाइगर्स, अनपरा लायंस और ककरी महाराजा ने मारी बाजी
दिलीप की विस्फोटक 52 रनों की पारी, ऋषभ और सुरेंद्र शर्मा का शानदार प्रदर्शन

अनपरा, सोनभद्र। अनपरा कॉलोनी स्थित ऑपरेटिंग मनोरंजन केंद्र में आयोजित अनपरा प्रीमियर लीग सीजन-5 दिन-रात्रि टेनिस चौका क्रिकेट प्रतियोगिता के नौवें दिन रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी रहा। पांच अलग-अलग मुकाबलों में रेनुसागर हिंदुस्तानी, औड़ीमोड़ इंडियंस, ऊर्जान्चल टाइगर्स, अनपरा लायंस और ककरी महाराजा की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में जगह बनाई।
दिन के पहले मुकाबले में अनपरा रॉयल्स की टीम निर्धारित आठ ओवरों में छह विकेट खोकर महज 39 रन ही बना सकी। दिव्यांशु ने सर्वाधिक 17 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेनुसागर हिंदुस्तानी की टीम ने 4.1 ओवर में ही आसानी से जीत हासिल कर ली। सुमित मिश्रा ने 24 रनों की अहम पारी खेली। शानदार प्रदर्शन के लिए अमित पटेल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में काशीमोड़ चैलेंजर्स ने आठ ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 37 रन बनाए। जवाब में औड़ीमोड़ इंडियंस ने 5.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्रदीप कुमार को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
तीसरे मैच में ऊर्जान्चल टाइगर्स ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में दो विकेट पर 76 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। दिलीप ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 52 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डिबुलगंज सुपरस्टार्स की टीम निर्धारित आठ ओवर में चार विकेट पर 62 रन ही बना सकी। इस तरह ऊर्जान्चल टाइगर्स ने जीत दर्ज की। शानदार अर्धशतकीय पारी के लिए दिलीप को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
चौथे मुकाबले में अनपरा लायंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में छह विकेट पर 77 रन बनाए। ऋषभ ने 21 रनों का योगदान दिया, जबकि आशुतोष राय ने दो विकेट हासिल किए। जवाब में रेहटा वारियर्स की टीम आठ ओवर में छह विकेट पर 58 रन ही बना सकी। रेहटा की ओर से आशुतोष राय ने 34 रनों की शानदार पारी खेली। इस मुकाबले में ऋषभ श्रीवास्तव को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।
दिन के पांचवें और अंतिम मुकाबले में ककरी महाराजा ने आठ ओवर में चार विकेट पर 56 रन बनाए। सतेंद्र ने 26 रनों की उपयोगी पारी खेली, जबकि सम्राट ने दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी परासी सुपरकिंग्स की टीम ककरी महाराजा की गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और महज 37 रनों पर सिमट गई। तीन विकेट लेने वाले सुरेंद्र शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इस प्रकार प्रतियोगिता के नौवें दिन पांच टीमों ने जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत की। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।




