आपदा
Trending

धनबाद के सोनारडीह में बड़ा भूधंसान, आधी बस्ती 10 फीट जमीन में समाई

ब्यूरो रिपोर्ट

सोनारडीह में भूधंसान का कहर, आधी बस्ती जमीनदोज
धनबाद जिले के सोनारडीह क्षेत्र में लगातार हो रहे भूधंसान ने इलाके में भय और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। देर रात अचानक जमीन धंसने से आधी बस्ती लगभग 10 फीट नीचे चली गई। देखते ही देखते सड़क, घर और आसपास का पूरा इलाका जमीन में समा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय तेज आवाज के साथ जमीन फटने लगी, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
इस भीषण भूधंसान में क्षेत्र की पूर्व प्रमुख मीनाक्षी रानी गुड़िया का घर भी पूरी तरह जमीनदोज हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते लोग घरों से बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद कई परिवार रातभर खुले आसमान के नीचे या सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी कई बार भूधंसान की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों के घर, सड़क और बुनियादी सुविधाएं खतरे में पड़ गई हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र का जल्द वैज्ञानिक सर्वे कराया जाए, प्रभावित परिवारों का पुनर्वास किया जाए और उचित मुआवजा व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!