अनपरा कॉलोनी में मां दुर्गा की भव्य प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न
मुख्य महाप्रबंधक अजय कटियार सहित परियोजना के अधिकारियों ने की पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं ने लिया माता का आशीर्वाद

अनपरा (सोनभद्र)। नवरात्रि के पावन अवसर पर शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को अनपरा तापीय परियोजना के आवासीय परिसर स्थित बस स्टैंड पर मां दुर्गा की भव्य प्राण-प्रतिष्ठा का कार्यक्रम विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।


कार्यक्रम में अनपरा तापीय परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक अजय कटियार सहित परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। प्राण-प्रतिष्ठा के धार्मिक अनुष्ठान वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराए गए। मां दुर्गा के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस आयोजन को सफल बनाने में परियोजना में कार्यरत नव युवक सेना श्री दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष मृदु रंजन श्रीवास्तव सहित समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समिति के सदस्य कार्यक्रम की तैयारियों से लेकर पूजा के विधि-विधान तक सक्रिय रहे।

इस अवसर पर विष्णु देव झा, प्रशांत उपाध्याय, सुजीत सोनी, विशाल शाही, देश दीपक मिश्रा, शिव प्रकाश उर्फ श्री, सोनू कंसल, पुष्प राज सिंह बघेल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



