अनपरा में संदिग्ध परिस्थितियों में देशी शराब व चखना दुकान में भीषण आग
लाखों का सामान जलकर राख।
अनपरा सोनभद्र। अनपरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में देशी शराब की दुकान और उससे सटी चखना (नाश्ता) की दुकान में भीषण आग लगने से दोनों दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। इस घटना में शराब की पेटियों, नकदी और अन्य सामान सहित लाखों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 6 मार्च 2026 की रात लगभग 11:15 बजे की है। कुसुम पेट्रोल पम्प के पास स्थित देशी शराब की दुकान और चखने की दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी दुकान उसकी चपेट में आ गई।
बताया जाता है कि देशी शराब की यह दुकान लाल टावर एरिया में कृष्णा कुमार के नाम से आवंटित है, जबकि दुकान की देखरेख और संचालन का कार्य उनके भाई सुनील कुमार द्वारा किया जाता है। सुनील कुमार के अनुसार घटना के समय दुकान के अंदर प्रदीप और अमित नामक दो सेल्समैन सो रहे थे। अचानक किसी कारण से दुकान में आग लग गई। आग की लपटें बढ़ती देख दोनों किसी तरह भागकर बाहर निकले और अपनी जान बचाई।
आग की चपेट में आकर दुकान में रखी करीब 87 पेटी देशी शराब, लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद, सीसीटीवी कैमरा, बिजली की लाइटें, बिस्तर, चारपाई तथा खाने-पीने का सारा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही समय में पूरा ढांचा खाक हो गया।
वहीं शराब की दुकान के साथ लगी चखने की दुकान राकेश और उसकी पत्नी डिम्पल देवी चलाते हैं। घटना के समय दोनों दुकान बंद कर अपने बगल में स्थित घर पर थे। राकेश के अनुसार आग लगने की सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे तब तक दुकान में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो चुका था। इस घटना से उनकी आजीविका पर भी बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
दुकान संचालक पक्ष ने आग लगने की घटना को संदिग्ध बताया है। सुनील कुमार का कहना है कि दुकान आमतौर पर रात 10 बजे तक बंद हो जाती है, ऐसे में करीब 11 बजे आग लगना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने यह भी बताया कि पहले दुकान में विकास नामक सेल्समैन काम करता था, जिसने दीपावली के समय लगभग 65 हजार रुपये की चोरी कर ली थी। बाद में पकड़े जाने पर उसने अपने भाई को पैसे की भरपाई के लिए अपनी जगह काम पर लगा दिया था। ऐसे में आग की घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही अनपरा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। फाय
र ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं।
जिस स्थान पर यह घटना हुई है वह इलाका काफी व्यस्त और भीड़भाड़ वाला क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में देर रात अचानक आग लगने की घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
